बांसी। कस्बे के राप्तीनगर वार्ड के रामगढ़ में सोमवार की रात पुरानी रंजिश में पटीदारों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। इस वारदात में अजय कुमार यादव और मनोज कुमार यादव घायल हो गए।
मनोज की आंख भी फूट गई है, जिनका इनका इलाज एम्स गोरखपुर में चल रहा है। पीड़ित ने शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, विनय कुमार यादव निवासी मोहल्ला राप्तीनगर रामगढ़ ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि सोमवार की रात उनके पटीदार अशोक यादव ने पुरानी रंजिश में उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। वह किसी तरह बचाव कर अपने पुराने घर आया और बड़े भाई मनोज कुमार यादव को इसकी जानकारी दी। उसके बाद उसके बड़े भाई मनोज कुमार यादव नए वाले घर पर गए तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज की।
आरोप है कि विरोध करने पर अशोक यादव, उनका लड़का उदय प्रकाश और पत्नी बेबी और उसके दोस्त छोटू, कल्लू उनके भाई को पकड़कर मारने-पीटने लगे। इस बीच अशोक ने गुलेल में कांच की गोली लेकर भाई मनोज की आंख में मार दी, जिससे उनकी आंख फूट गई और भाई अजय यादव से भी मार-पीट की गई, जिससे उसे भी काफी चोटें आईं है। दोनों घायलों को पचास शैय्या युक्त संयुक्त चिकित्सालय बांसी लाया गया, जहां मनोज को रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में कोतवाल मृत्युंजय पाठक का कहना है तहरीर मिली है। प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।