मेडिकल कॉलेज के नए भवन में स्थित ओपीडी में लगी मरीजों की भीड़।
- फोटो : संवाद
सिद्धार्थनगर। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में मरीजों को दिखाने के लिए अब कतार नहीं लगानी होगी। अगर वह पहले पहुंचे हैं तो उनको पहले देखा जाएगा। कॉलेज प्रशासन ने अब पर्चे पर नंबर अंकित करने की तैयारी की है। इससे मरीजों को पर्चे पर लिखे नंबर के अनुसार देखा जाएगा। वहीं पर्चा आगे-पीछे होने की शिकायत भी नहीं रहेगी।
फिलहाल अभी न्यूरो सर्जरी विभाग में इस व्यवस्था को शुरू किया गया है। अगर पहल कामयाब रही तो जल्द ही सभी ओपीडी में इसी तरह से मरीजों को देखा जाएगा।
मेडिकल कॉलेज के सभी विभागों में प्रतिदिन 1500 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। इसमें मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थो, न्यूरो और स्त्री रोग विभाग में सबसे अधिक भीड़ होती है। इलाज करवाने के लिए लोगों को लंबी कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। आलम यह है कि कई बार आगे-पीछे लगने के चक्कर में विवाद हो जाता है।
बिना नंबर के मरीज दिखाने का भी आरोप लगता है। अब इन सभी समस्याओं से मरीजों को जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है।
न्यूरो विभाग की तरह जल्द ही सभी विभागों में मरीजों को ओपीडी के बाहर ही अपने पर्चे के अनुसार नंबर लिखा जाएगा। पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर नंबर दिया जाएगा। इसी के आधार पर ही मरीज अपना इलाज करवाने के लिए ओपीडी में जाएंगे। इस सुविधा के शुरू होने से मरीजों को जहां लंबी कतार से छुटकारा मिलेगा, वहीं पर्चा आगे-पीछे किए जाने का भी डर खत्म हो जाएगा। मरीज भी डॉक्टर से आराम से दवा करवा पाएंगे।
प्राचार्य प्रो. राजेश मोहन ने बताया कि अभी न्यूरो विभाग में नंबर के अनुसार मरीजों को देखा जाता है। जल्द ही यह सुविधा सभी विभाग के ओपीडी में शुरू हो जाएगी। मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सुविधा देगी।े