भारतभारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा के सभागार में बृहस्पतिवार को आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं की मासिक क्लस्टर बैठक हुई। इसमें पिछले एक माह के दौरान क्षेत्र में संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई और जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं के समाधान को लेकर निर्देश दिए गए।
बीसीपीएम वीरेंद्र कुमार यादव ने आशा कार्यकर्ताओं और संगिनी की ओर से किए गए कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने टीकाकरण, टीबी उन्मूलन, मलेरिया की रोकथाम, कुष्ठ रोगियों की खोज सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और चुनौतियों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। क्षेत्र में किसी कार्यक्रम के क्रियान्वयन में समस्या आने पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उसका समाधान कराया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नियमित रूप से अपने क्षेत्र की गतिविधियों की निगरानी करने और निर्धारित स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राजेश कुमार, संगिनी अनीता पांडेय, राजश्री, बेबी नसरीन, संगीता, परमेश्वरी, उषा और प्रेमशीला सहित कई आशा एवं संगिनी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।