- बारावफात, रक्षाबंधन व जन्माष्टमी को लेकर फ्लैग मार्च, संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण
बढ़नी। आगामी बारावफात, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर शुक्रवार देर शाम बढ़नी कस्बे में भारी पुलिस बल ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। शोहरतगढ़ के क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में निकले पैदल मार्च के दौरान जुलूस के पारंपरिक मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया।
सायरन बजाती पुलिस की गाड़ियों और जवानों के साथ निकला मार्च कस्बे के प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। सीओ ने मार्ग का निरीक्षण करते हुए मातहतों को सुरक्षा व्यवस्था में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, धर्मगुरुओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई कि ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई होगी।
फ्लैग मार्च में ढेबरुआ प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद, बढ़नी चौकी प्रभारी वीरेंद्र यादव, उपनिरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।