राशन कार्ड, पेंशन, आवास, बिजली, नाली और रास्ते की समस्याएं ग्रामीणों ने उठाईं
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के धनौरा बुजुर्ग गांव में शुक्रवार को आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने समस्याओं की झड़ी लगा दी। ‘ग्राम चौपाल-गांव की समस्या का गांव में समाधान’ कार्यक्रम में राशन कार्ड, वृद्धा व विधवा पेंशन, आवास, बिजली, नाली और रास्ते से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए मौजूद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
चौपाल में विधायक विनय वर्मा ने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखनी शुरू कीं। अनिल यादव और अशोक राजभर ने गांव में बिजली के खंभों की कमी की शिकायत की। भागीरथी और कन्हैया ने नाली नहीं होने से होने वाली परेशानी बताई। रामलखन, साफिया खातून और जैबुन्निशा ने मोहल्ले की खराब सड़क और रास्ते की समस्या उठाई।
कमलावती ने वृद्धा पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। ग्रामीणों ने राशन कार्ड, विधवा पेंशन और आवास से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। प्रधान प्रतिनिधि अलीमुल्ला ने किसानों की सिंचाई की समस्या उठाते हुए गांव के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए नहर से नाली निकलवाने की मांग की।
विधायक ने ग्रामीणों की ओर से उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ग्राम चौपाल का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान कराना है ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार, तहसीलदार माघवेंद्र प्रताप सिंह, बढ़नी बीडीओ अनिशि मणि पांडेय, बीईओ अरुण कुमार, एमओआईसी डॉ. अविनाश चौधरी, एडीओ पंचायत रामबेलास, अवधेश यादव सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।