इटवा। जिले में विद्युत स्पर्शाघात से लगातार हो रही मौतों के बावजूद नगर पंचायत इटवा में बिजली सुरक्षा व्यवस्था लापरवाही की भेंट चढ़ी हुई है। संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में नगर के प्रमुख मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटों के कई पोल बिना सुरक्षा बॉक्स के मिले जबकि कई स्थानों पर नंगे तार खुले में लटकते नजर आए।
स्थानीय नागरिक कहते हैं कि बरसात और सावन के बीच इन मार्गों से हर दिन हजारों लोग गुजरते हैं लेकिन खुले बिजली के उपकरण किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ा रहे हैं।
बढ़नी रोड पर सबसे ज्यादा खामियां : पड़ताल में बढ़नी रोड पर बाजार वाली गली के सामने, पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम के कार्यालय के सामने, शहरयार के मकान के पास, कब्रिस्तान के सामने, अवधेश किराना स्टोर और डॉ. मुस्तफा के आवास के पास लगे स्ट्रीट लाइट के खंभों से सुरक्षा बॉक्स गायब मिले। एक-दो नहीं बल्कि एक दर्जन से अधिक स्थानों पर यही स्थिति दिखाई दी। खुले बॉक्स के कारण बिजली के तार बाहर दिखाई दे रहे हैं।
पावर हाउस के सामने ही लटक रहा नंगा तार : बांसी मार्ग पर विद्युत उपकेंद्र (पावर हाउस) के सामने स्ट्रीट लाइट का नंगा तार खुले में लटकता मिला। इसके अलावा शिवशक्ति मंदिर, कौशल किशोर सिंह की ट्रैक्टर एजेंसी और मुकेश मिश्रा के मकान के पास भी कई खंभों से सुरक्षा बॉक्स गायब हैं। हैरत की बात यह है कि इनमें अधिकतर स्ट्रीट लाइटें कुछ महीने पहले ही लगाई गई हैं। बिस्कोहर मार्ग पर भी वही हाल : पड़ताल के दौरान बिस्कोहर मार्ग पर भी कई स्ट्रीट लाइट खंभे बिना बॉक्स के मिले। इन मार्गों से सुबह से देर रात तक स्कूली बच्चे, राहगीर और वाहन गुजरते हैं। बरसात के मौसम में खुले बिजली उपकरण किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।