- भव्य पंडालों में उमड़ी भीड़, जयकारों से गूंजा नगर
- अष्टमी पर विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना, 20 अक्तूबर को होगा मूर्ति विसर्जन
इटवा। शारदीय नवरात्र पर नगर पंचायत इटवा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की आराधना की धूम मची है। रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजे पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। रविवार को अष्टमी पर पूजा-अर्चना के लिए पंडालों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। इटवा कस्बे में आयोजित मां भगवती जागरण में भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा। देवी गीतों और मां के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी, नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल, मुख्य यजमान भोला सोनी और दुर्गा पूजा समिति के आयोजक अनिल जायसवाल, नरेंद्र छापड़िया, ओम छापड़िया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
-
भजनों पर झूमे श्रद्धालु
इटवा कस्बे में आयोजित भगवती जागरण में गायक अंशिका सिंह, रोहित त्रिपाठी और ईशानी अवस्थी ने देवी गीतों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रोता झूमते रहे। आचार्य ओमप्रकाश पांडेय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती संपन्न कराई। उन्होंने बताया कि नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम 20 अक्तूबर को निर्धारित है।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी रही धूम
- इटवा क्षेत्र के मधवापुर, डबरा, संग्रामपुर, सुकालाजोत, रगड़गंज, करहिया, चौखड़ा, कुनगाई, गिरधरपुर और मझौवा सहित कई गांवों में स्थापित दुर्गा मूर्तिओं के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। गांवों के पूजा पंडालों में भी आरती, भजन और जयकारों का सिलसिला जारी रहा।