सिद्धार्थनगर। परिषदीय अनुदेशक कल्याण एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अनुदेशकों की लंबित एवं न्यायोचित मांगों के संबंध में विधायक श्यामधनी राही व भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत समस्त अनुदेशक बीते 14 वर्षों से पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं उत्तरदायित्व के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं लेकिन उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से अनुदेशकों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार पदों का सृजन कर समस्त अनुदेशकों को नियमित करने, समान कार्य-समान वेतन के आधार पर उचित भुगतान, वार्षिक नवीनीकरण व बॉन्ड व्यवस्था समाप्त कर स्थायी व्यवस्था लागू करने और समस्त अनुदेशकों को 12 माह का वेतन देने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय, जिला महामंत्री रामानंद उपाध्याय, जिला मंत्री राजकुमार जायसवाल, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रामकुमार गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।