सिद्धार्थनगर। आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायत के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने खुद मौके पर जाकर निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
नौगढ़ तहसील के विनयका के टोला बड़हराडीह निवासी शिवशंकर ने मधुकरपुर में स्थित संयुक्त आराजी भूमि से मिट्टी खनन करने की शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि उसकी बिना अनुमति के उनके चाचा द्वारा संयुक्त आराजी से मिट्टी ठेकेदार को बेच दी गई है।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा उक्त शिकायत का मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों पक्ष उपस्थित थे। डीएम द्वारा हल्का लेखपाल एवं कानूनगो से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
शिकायतकर्ता को कहा कि आपस में मारपीट न करें, प्रकरण बंटवारा से संबंधित है। बताया कि उपजिलाधिकारी के कोर्ट में धारा 116 का वाद दाखिल कर अनुतोष (लाभ) प्राप्त करें। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी नौगढ़ को निर्देश दिए कि इस प्रकरण को प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ नायब तहसीलदार नौगढ़, हल्का लेखपाल एवं कानूनगो उपस्थित रहे।