सिद्धार्थनगर। उसका थाना क्षेत्र के तालभिरौना गांव में हुई बोरिंग मैकेनिक चंद्रबली की दिल दहला देने वाली हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस की शुरुआती जांच कई संभावनाओं की ओर से इशारा कर रही है। मंगलवार को हुई जांच में यह बात सामने आ रही है कि हत्या घटनास्थल से अलग कहीं और की गई और शव को बाद में वहां लाकर फेंक दिया गया।
घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर टेडिया–बांसी मार्ग पर खून के धब्बे, वहीं पास के खेतों में दौड़-भाग के स्पष्ट निशान और फसलों की तबाही इस बात की तस्दीक कर रही है कि हत्या से पहले जबरदस्त संघर्ष हुआ। दूसरी दिशा में खून से सनी लाश मिलने से पुलिस को घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्राथमिक जांच में मृतक के शरीर पर 30 घाव के निशान मिले थे, जो आक्रोश में या नशे की हालत में किए गए बर्बर हमले की ओर इशारा करते हैं। वहीं सीसीटीवी फुटेज में चंद्रबली को घटना से पहले शराब भट्टी पर चार लोगों के साथ देखा गया था। इसके बाद गांव के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से पुलिस को एरिया सर्च में कई संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि शराब की दुकान से विवाद शुरू हुआ, जो आगे चलकर जानलेवा हमले में बदल गया। पुलिस के मुताबिक चार चेहरों की पहचान और उनकी भूमिका स्पष्ट होने के बाद ही हत्या का राज खुलेगा। अब तक पांच से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस को कुछ ऐसे क्लू मिले हैं, जिसके सहारे वह हत्याकांड में शामिल आरोपियों के चेहरे बेनकाब कर सकती है। वहीं मंगलवार को अंतिम संस्कार को लेकर भी विरोध रहा।
परिवार के लोग आरोपियों को पकड़ने और कार्रवाई करने के बाद लाश का अंतिम संस्कार करने पर अड़ गए। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया। इसके बाद वे अंतिम संस्कार को रोजी हो गए। पुलिस की मौजूदगी में गांव से सटे घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
चार लोगों की पहचान करने में जुटी पुलिस: मंगलवार को पुलिस ने घटनास्थल, खून के धब्बों वाले मार्ग और लाश मिलने की जगह की बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की कड़ियां जोड़कर चारों लोगों की पहचान की जा रही है। कॉल डिटेल्स, शराब भट्टी के कर्मचारी से पूछताछ और संदिग्धों के मूवमेंट का सत्यापन तेज कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरफ्तारी कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार को राजी नहीं था परिवार: उसका बाजार। थाना क्षेत्र के बैरवा नानकार ग्राम पंचायत के टोला ताल भिरौना निवासी चंद्रबली की हत्या के 48 घंटे बाद भी उसका पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। इस दौरान परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। हालांकि पुलिस ने उनको समझाकर शव का अंतिम संस्कार मंगलवार को करा दिया। रविवार की देर रात चंद्रबली की धारदार हथियार से गोंदकर हत्या कर दी गई थी।