सिद्धार्थनगर। संभागीय परिवहन विभाग ने बुधवार को स्कूल वाहनों की जांच की। एआरटीओ संजय कुमार सिंह की अगुवाई में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में कुल 28 वाहनों का चालान किया गया।
टीम ने बांसी तहसील क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग की। जांच के दौरान ऑटो में क्षमता से अधिक बच्चे ढोने के मामले सामने आए। ऐसे ऑटो को गोल्हौरा थाने में निरुद्ध कर दिया गया। ऑटो में सवार बच्चों को विभागीय वाहन से सुरक्षित उनके स्कूल पहुंचाया गया। कार्रवाई में ओवरलोडिंग के साथ प्रेशर हॉर्न और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नियमों का उल्लंघन भी मिला।
स्कूल वाहनों से हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए यह जांच की जा रही है। एआरटीओ ने बताया कि वाहनों की जांच में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई की गई है। कई वाहन ओवरलोड मिले जबकि कुछ में प्रेशर हॉर्न और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट से संबंधित नियमों का उल्लंघन पाया गया।