भवानीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से कथित ब्लैकमेलिंग, धमकी और मारपीट का मामला
डुमरियागंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी से कथित ब्लैकमेलिंग, धमकी और मारपीट के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। किशोरी ने वीडियो प्रसारित कर युवक पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशोरी ने प्रसारित वीडियो में आरोप लगाया था कि गांव का ही युवक उसकी एआई से बनाई गई तस्वीरों को सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित करने की धमकी देकर उसे परेशान कर रहा है। किशोरी के मुताबिक, उसकी शादी तय होने के बाद आरोपी उसके मंगेतर को जान से मारने और उसके भाई की हत्या करने की धमकी दे रहा था।
किशोरी ने आरोप लगाया कि तीन सितंबर को आरोपी युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ मारपीट की। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे उसके बाबा को भी आरोपी ने चाकू लेकर दौड़ा लिया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति संभली और उनके जान बच सकी।
प्रभारी थानाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।