बांसी/तिलौली। मिठवल ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत तेनुई के उचित दर विक्रेता के विरुद्ध 65.80 क्विंटल सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी के मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर शिवनगर डिड़ई पुलिस ने कोटेदार बृजेश कुमार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। ग्रामीणों की आईजीआरएस पर की गई शिकायत के बाद जांच में पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
पूर्ति निरीक्षक अर्चना सिंह ने बताया कि मिठवल विकास क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत तेनुई के उचित दर विक्रेता बृजेश कुमार ने 26.32 क्विंटल गेहूं और 39.48 क्विंटल चावल खाद्यान्न को मुनाफाखोरी के उद्देश्य से कालाबाजारी करने का मामला सामने आया। पूर्ति निरीक्षक के थाने पर दी गई तहरीर के अनुसार ग्रामवासी और कार्ड धारक साजिदा खातून पत्नी मो. जाफर और ग्राम पंचायत के ही तिलंगी निवासी खलीकुर्रहमान ने कोटेदार की ओर से गस्त का खाद्यान्न नहीं दिए जाने को लेकर आईजीआरएस पर शिकायत कर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया था।
इस क्रम में गांव में जाकर अंत्योदय कार्डधारक वहीदुन निसा पत्नी शफीक, शाह आलम पुत्र सिराजुद्दीन, खलीकुर्रहमान पुत्र फजलुर्रहमान, फूलचन्द पुत्र गंगाचरन, वहाउल्लाह पुत्र सुलेमान और सायरा बानो पत्नी अकरम इब्राहीम अंसारी के अलावा दो दर्जन से अधिक पात्र गृहस्थी के कार्डधारकों व उनके परिवार के लोगों से पूछताछ कर उनका बयान दर्ज किया।
सभी कार्डधारकों ने माह जुलाई का खाद्यान्न ई-पास मशीन पर अंगूठा लगवाकर नहीं देने और चीनी कभी नहीं देने की बात कही गई।