नेपाल के कपिलवस्तु नगर पालिका के वार्ड संख्या 5 में पकड़े गए कपड़े।
- दिल्ली-काठमांडू बस की जांच में मिली कामयाबी, किसी ने नहीं किया दावा
खुनुवां। सीमा से नेपाल के कपिलवस्तु नगर पालिका के वार्ड संख्या-5 में बृहस्पतिवार को सुबह दिल्ली से काठमांडू जा रही एक बस में तस्करी कर नौ लाख रुपये से ज्यादा कीमत के ब्रांडेड रेडीमेड कपड़े पकड़े गए। इन्हें सीमा शुल्क की चोरी करके नेपाल ले जाया जा रहा था। गोपनीय सूचना के आधार पर नेपाल की सशस्त्र पुलिस अधीक्षक नेत्र केसी ने खुद बस की जांच कर कपड़ों को जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार, भारत में खुनुवां सीमा को पार करने और नेपाल में सुठौली सीमा शुल्क चौकी पर रुकने के बाद डंगरी स्थित सशस्त्र पुलिस बल की जांच चौकी पर पहुंचने पर जांच के दौरान कपड़े बरामद किए गए। सशस्त्र पुलिस अधीक्षक केसी ने बताया कि कहा कि उनके निर्देश के बाद बस की डिक्की में जांच के दौरान ये कपड़े मिले हैं। यह स्पष्ट नहीं है कि ये कपड़े किसके थे और किसी ने भी इन कपड़ों पर दावा नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए कपड़े सुठौली सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिए गए हैं।
कई जगह जांच के बाद भी निकल गई बस
दिल्ली से काठमांडू जाने वाली बसें इसी रास्ते से होकर जाती हैं। कपड़ा बरामद होने के बाद, इसमें सुरक्षाकर्मियों की भी संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। मर्यादपुर में सशस्त्र बल और पुलिस की जांच के बाद बसों की सुठौली कस्टम पर भी जांच की जाती है। इसके बाद सशस्त्र बल डंगरी चेकपोस्ट पर भी जांच की जाती है। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार सुठौली और कृष्णानगर चेकपोस्ट से चलने वाली बसों समेत कई वाहनों और मालवाहकों में विभिन्न प्रकार के सामानों की तस्करी तो होती है, लेकिन बहुत कम मात्रा में ही सामान पकड़ा जाता है। सशस्त्र पुलिस अधीक्षक केसी ने बताया कि अब चेकपोस्ट पर और सख्ती बरती जाएगी।