- बैंक गेट पर ताला लगाकर जताया विरोध, उपभोक्ताओं को हुई परेशानी
शोहरतगढ़। विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रीयकृत बैंक कर्मियों ने शुक्रवार को बैंक गेट पर ताला लगाकर कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। बैंक बंद रहने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एसबीआई शाखा प्रबंधक पंकज कुमार ने कहा कि बैंककर्मी पूरे सप्ताह कार्य कर रहे हैं। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार कार्य और अवकाश नहीं मिलने से बैंक कर्मियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है। पूर्वांचल ग्रामीण बैंक के प्रबंधक विमल कुमार ने परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) में भेदभाव का आरोप लगाते हुए इसे कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया।
बैंक बंद होने से कस्बे के कारोबारियों को भी परेशानी हुई। बड़े व्यापारी प्रतिदिन बैंक के माध्यम से लाखों रुपये का लेनदेन करते हैं। हड़ताल के कारण उन्हें बैंकिंग कार्य के लिए इंतजार करना पड़ा। प्रदर्शन में कृणाल कुमार, राजेश चौरसिया, रक्षित शर्मा, ऋत्तिक महोदय, कुशाग्रभान आदि मौजूद रहे।