जिला स्टेडियम में आयोजित्र प्रशिक्षण में शामिल खिलाड़ी। स्रोत विज्ञप्ति
सिद्धार्थनगर। खेल मैदान केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं बल्कि जीवन को दिशा देने का सशक्त माध्यम बन रहा है। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स का प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को इससे अब लक्ष्य भी प्राप्त हो रहा है। ऐसे में प्रशिक्षण ले रहे दीपांकर पासवान को छात्रावास की सुविधा मिली तो गंगा यादव का चयन अग्निवीर के लिए किया गया।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में वर्तमान समय में लगभग 65 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसमें से कई खिलाड़ियों ने स्टेट से लेकर नेशनल तक की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन किया है।
वहीं, कई स्थानीय स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ा रहे हैं। ऐसे में स्टेडियम में खिलाड़ियों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। एथलेटिक्स कोच सुमन सिंह ने बताया कि एथलेटिक्स न सिर्फ शरीर को मजबूत बनाता है बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।
यही गुण सेना और अन्य सुरक्षाबलों की भर्ती में अहम भूमिका निभाते हैं। नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ी अनुशासन और समय प्रबंधन में भी आगे रहते हैं।