सिद्धार्थनगर। मौसम के मिजाज में उठा-पटक का दौर जारी है। पिछले कई दिनों से घना कोहरा छाए रहने के बाद मंगलवार को दिन में बादल और पछुआ हवा ने गलन बढ़ा दी। इससे दिन के तेज धूप में घर से बेपरवाह होकर निकले लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आगे भी घना कोहरा छाया रहेगा, लेकिन दिन में धूप खिलेगी।
मंगलवार की सुबह में घना कोहरा छाया रहा। करीब नौ बजे तक छाए कोहरे से लोगों को ठंड का अहसास हुआ। वहीं, दृश्यता कम होने से वाहनों के पहिये थम गए। करीब 10 बजे से धूप खिलने के बाद लोगों को ठंड से थोड़ा राहत मिली। दिन में धूप तेज होने से लोग हल्के गर्म कपड़े का सहारा लेकर ही घर से निकले, लेकिन करीब एक बजे मौसम ने अपना मिजाज पूरी तरह बदल दिया। इससे काले बादल छाने के साथ करीब 12 से 15 किमी की रफ्तार से हवा भी चलने लगी। इससे लोगों को गलन का सामना करना पड़ा। हालांकि यह स्थिति खुले में रहने वाले लोगों को ही महसूस हुई जबकि घर में व बंद स्थान पर लोगों को फौरी राहत मिली।