इटवा। खुनियांव ब्लॉक क्षेत्र के कटेश्वरनाथ गांव में स्थित शिव मंदिर पर रविवार की रात से लेकर सोमवार दोपहर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सोमवार सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसके चलते पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
रविवार रात व सोमवार पूरे दिन मंदिर परिसर में हर-हर महादेव व बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि व उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर के बाहर पूजन सामग्री और प्रसाद की दुकानों पर भी दिनभर रौनक रही। प्रभारी निरीक्षक इटवा संजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
इस संबंध में शिव मंदिर के पुजारी पंकज गिरी ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना और जलाभिषेक का विशेष महत्व है। श्रद्धापूर्वक की गई पूजा से भगवान भोलेनाथ की कृपा प्राप्त होती है।
इस दौरान प्रिंस मिश्र, कृष्णा मिश्र, राकेश मिश्र, हरिनारायण उपाध्याय, अयसराम, अनूप मिश्र, चौकीदार गब्बर गौतम, बेचू यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।