भारतभारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा की ओर से संचालित 100 दिवसीय टीबी अभियान के तहत मंगलवार को हाई रिस्क विलेज हल्लौर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में टीबी की सक्रिय खोज और स्क्रीनिंग की गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों की जांच करते हुए कुल 104 लोगों की एक्स-रे जांच की गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी के संभावित मरीजों की समय से पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करना है ताकि टीबी के संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। स्वास्थ्य टीम की ओर से ग्रामीणों को टीबी के लक्षणों के प्रति जागरूक करते हुए समय से जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। एक्स-रे टेक्नीशियन विपिन कुमार ने लोगों के चेस्ट की एक्स-रे जांच की। एसटीएस सुखदेव ने उपस्थित लोगों की जांच कर कहा कि टीबी को अब छुपाए नहीं, इसका इलाज आसान हो गया है।
इस मौके पर सीएचओ प्रिया पटेल, सीएचओ सोनू कुमार, राजेश कुमार, दुर्गेश कुमार, आशा रोजी आदि मौजूद रहीं।