सिद्धार्थनगर। जिले के सिद्धार्थनगर, बांसी और डुमरियागंज नगरीय क्षेत्रों में पाइपलाइन के जरिये गैस आपूर्ति की तैयारी की जा रही है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में सिटी गैस नेटवर्क समिति की बैठक हुई। इसमें परियोजना की प्रगति और लंबित कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गैस पाइपलाइन से आपूर्ति के लिए जिले के तीन नगरीय क्षेत्रों का चयन किया गया है। पाइपलाइन गोरखपुर से महराजगंज जिले के फरेंदा होते हुए सिद्धार्थनगर पहुंचेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को परियोजना के लंबित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निस्तारण करें, ताकि परियोजना में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संदीप श्रीवास्तव और नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।