सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में मंगलवार से स्नातक स्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं शुरू हो गई है। पहले दिन 3483 छात्र-छात्राएं परीक्षा शामिल हुए, जबकि 58 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय एवं छह जिलों के संबद्ध 182 महाविद्यालयों में स्नातक स्तर की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। प्रथम पाली में 2874 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि द्वितीय पाली में 609 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी। कला, विज्ञान एवं वाणिज्य विषय से स्नातक स्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सर्द मौसम को देखते हुए प्रथम परीक्षा सुबह 8 बजे के बजाए सुबह 8:30 बजे से परीक्षा का समय कर दिया है, जिससे छात्र-छात्राओं को सहूलियत मिल रही है।
विश्वविद्यालय ने निर्धारित समय पर परिणाम जारी करने के लिए शीतकालीन अवकाश को निरस्त करके दीक्षांत समारोह के बाद परीक्षा शुरू करा दी है। विश्वविद्यालय के साथ ही सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महराजगंज, बलरामपुर व श्रावस्ती के महाविद्यालयों में भी परीक्षा आयोजित की जा रही है।
यूजीसी नेट परीक्षा के कारण परास्नातक स्तर की परीक्षाएं टाल दी गई है। परास्नातक स्तर की सेमेस्टर परीक्षाएं अब 15 दिसंबर से शुरू होंगी।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव व परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पहले दिन कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग नहीं किया। सभी विषयों के 58 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा छोड़ी है।