संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। जिले के सबसे प्राचीन स्टेशन उसका बाजार के पास रेलवे अपनी भूमि कब्जे में ले रहा है। इसके तहत बन रही बाउंड्रीवाल के लिए भूमि के हो रहे चिह्नांकन से व्यापारियों की सांसें अटक गई हैं।
बाजार में चिह्नांकन के दौरान रेलवे बाउंड्रीवाल की जद में आ रहे 50 से अधिक दुकान व मकान के कारण व्यापारी व स्थानीय लोग परेशान हो उठे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री व डीएम को भेजे पत्र में बाजार की तरफ जा रहे मार्ग के दक्षिण तरफ बाउंड्रीवाल बनाने की मांग की है।
उसका बाजार रेलवे स्टेशन पर कई वर्षों से खाली पड़ी रेलवे अपनी भूमि संरक्षित करने के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण करा रही है। उसका स्टेशन से पूर्व दिशा में रेलवे पुल से लेकर पश्चिम में ससनी गांव तक बाउंड्रीवाल का निर्माण हो रहा है। इसके तहत बुधवार को उसका बाजार में रेल कर्मियों एवं राजस्वकर्मियों ने रेल भूमि का चिह्नांकन कर पिलर लगा रहे थे। इस दौरान उन्होंने रेलवे भूमि में अतिक्रमण बताते हुए कई मकानों एवं दुकानों पर लाल निशान लगाया। इससे कस्बा के व्यापारी एवं स्थानीय लोग सशंकित हो उठे है।
उनकों आशंका है कि रेलवे की बाउंड्रीवाल बनने से कई मकानों व दुकानें बंद हो जाएंगी। साथ ही कई मार्ग व गलियों से निकलने वाले रास्ते भी प्रभावित होंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष मंजू जायसवाल, भाजपा नेता हेमंत जायसवाल, राकेश आर्या व विभूति अग्रहरि आदि ने प्रधानमंत्री व डीएम को पत्र भेजकर बाजार की सड़क के उत्तर तरफ रेलवे बाउंड्रीवाल निर्माण नहीं करने की मांग की। ा