इंटर में शिवांकी, हाईस्कूल में पलक और प्रियांशु टॉपर
- परीक्षा परिणाम आने के बाद खुशी से झूम उठे छात्र-छात्राएं
- हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 88.12 प्रतिशत उत्तीर्ण हुए बच्चे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत इंटरमीडिएट में शिवांकी मिश्र और हाईस्कूल में पलक सिंह और प्रियांशु अग्रहरि जिला टॉपर बने। परीक्षा परिणाम जारी होते ही बच्चे खुशी से झूूम उठे। घर और विद्यालय पर बच्चों को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटी गईं।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से कराई गई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में जिले में 52,085 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें हाईस्कूल में जिले 30,836 बच्चे पंजीकृत थे। इसमें 28,426 बच्चों बोर्ड परीक्षा दी थी। 25,049 बच्चे परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। जिले में 88.12 प्रतिशत बच्चे परीक्षा में उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में सदर पटेल इंटर कॉलेज बांसी की पलक सिंह और कसिरन स्कूल ऑफ कामर्स एंड साइंस इंटर कॉलेज बांसी के प्रियांशु अग्रहरि ने 95 प्रतिशत अंक हासिल करके संयुक्त रूप से जिला टॉपर बने।
वहीं, इंटरमीडियट में जिले में 21,249 बच्चे पंजीकृत थे। 91.34 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। एसबीएम इंटर कॉलेज बैदौलागढ़ डुमरियागंज की शिवांकी मिश्रा ने 90.40 प्रतिशत अंक प्राप्त करके जिला टॉपर बनी। एक ही दिन बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी होने से परीक्षार्थियों की उत्सव की स्थिति रही।
विद्यालयों पर बंटी मिठाई
बोर्ड परीक्षा का परिणाम आने के बाद अच्छे नंबर से उत्तीर्ण होने वाले बच्चों को विद्यालयों पर बुला लिया गया। यहां शिक्षकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। जिले के अधिकांश विद्यालयों में परीक्षा परिणाम आने के बाद जश्न का माहौल रहा।
दोस्तों के साथ ली सेल्फी
परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने परिवार और दोस्तों के साथ यादगार फोटो ली और शेयर कर खुशी जाहिर की। सफलता से गदगद परीक्षार्थियों ने दोस्तों के साथ सेल्फी ली और खुशी मनाई। शहर में देर शाम छात्रों ने होटल और रेस्टोरेंट में भी खुशियां मनाईं।