थाना क्षेत्र के तड़वा चौराहे के समीप सोमवार की रात रोडवेज बस ने बाइक सवार ससुर-दामाद को रौंद दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। हादसे में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
चालक-परिचालक घटनास्थल से कुछ दूरी पर बस खड़ी कर फरार हो गए। यात्री भी भाग खड़े हुए। पुलिस ने बाइक व बस को कब्जे में ले लिया है। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के रोहरौली गांव निवासी 25 वर्षीय चितई अपनी बाइक से ससुर 60 वर्षीय बुधराम को कटेसरनाथ स्थित घर छोडने जा रहा था।
डुमरियागंज-इटवा मार्ग पर तड़वा चौराहे के समीप चितई ने बाइक को कटेसरनाथ की तरफ मोड़ा, तभी पीछे से आ रही रोडवेज बस ने जोरदार टक्कर मार दी। बाइक समेत दोनों को घिसटते हुए बस करीब 50 मीटर दूर तक ले गई। दामाद-ससुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के तुरंत बाद चालक-परिचालक बस को छोड़कर भाग खड़े हुए। भयभीत यात्री भी वहां से खिसक लिए। आस-पास के लोगों की सूचना पर इटवा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का दृश्य हादसे की भयावहता को जाहिर कर रहा था।
हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए थे। दोनों का शव भी क्षत-विक्षत हो गया था।गुस्साए लोगों ने बस में तोड़-फोड़ की भी कोशिश की, मगर पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर वहां से हटाया। इटवा थानाध्यक्ष संजय पांडेय के मुताबिक रोडवेज बस फैजाबाद डिपो की थी, जो बस्ती से डुमरियागंज होते हुए इटवा की ओर जा रही थी। चालक-परिचालक का पता लगाया जा रहा है।