एक साल में ही उखड़ गया झुंगहवा-कौववा मार्ग
चार किलोमीटर सड़क निर्माण में खर्च हुए 38.80 करोड़
संवाद न्यूज एजेंसी
परसा। बढ़नी ब्लॉक के खैरी उर्फ झुंगहवा गांव से होकर गड़रखा गांव के कौववा तक का मार्ग निर्माण के सालभर में क्षतिग्रस्त हो गया है। क्षतिग्रस्त सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को आवागमन में काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने डीएम और अधिशासी अभियंता से मरम्मत करवाने की मांग की है।
बढ़नी ब्लॉक के खैरी उर्फ झुंगहवा गांव से गड़रखा ग्रामसभा के कौववा डीह तक मार्ग निर्माण का दो अप्रैल 2018 को शिलान्यास किया गया था। कार्यदायी संस्था लोनिवि की ओर से 38.30 करोड़ लागत से चार किलोमीटर सड़क का निर्माण एक वर्ष पहले पूरा हुआ था। लोकार्पण के बाद से ही यह सड़क टूटने लगी। एक वर्ष के भीतर यह सड़क जगह-जगह उखड़ गई। कई जगह पर तो सड़क का नाम ही नहीं बचा। मार्ग पर बनी कई पुलिया की अप्रोच रोड टूटने से सड़क से जुड़ाव ही खत्म हो गया है। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार यह क्षेत्र तकरीबन हर साल बाढ़ से प्रभावित होता है। क्षेत्र के रहने वाले सगीर चौधरी, आशुतोष शुक्ला, सुरेंद्र चौहान, अशोक पासवान, बबलू यादव, अश्वनी कुमार आदि का कहना है कि जिलाधिकारी व अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को जांच करवाकर ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करना चाहिए और मार्ग के मरम्मत की व्यवस्था करवानी चाहिए। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई संतोष त्रिपाठी ने बताया कि जल्द ही मार्ग की मरम्मत करने का काम शुरू हो जाएगा।