धार्मिक स्थलों पर हुआ है कब्जा, कोर्ट से न्याय की उम्मीद
श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लिए कोर्ट में वाद दाखिल करने वाले राजेश मणि त्रिपाठी बोले
जिले के सैनुआ गांव निवासी राजेश मणि हैं हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान की 13.37 एकड़ भूमि का मालिकाना हक श्रीकृष्ण विराजमान को ही मिलना चाहिए। हमें कोर्ट से न्याय की पूरी उम्मीद है। यह कहना है श्रीकृष्ण विराजमान की ओर से कोर्ट में याचिका दायर करने वाले हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राजेश मणि त्रिपाठी का।
लोटन क्षेत्र के सैनुआ गांव निवासी राजेश मणि त्रिपाठी मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लिए जनपद न्यायालय मथुरा में वाद डालने वालों में एक पक्षकार हैं। स्नातक शिक्षा ग्रहण करने के दौरान छात्र राजनीति में सक्रिय रहे। वर्तमान में वह स्व. कमलेश तिवारी द्वारा स्थापित हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लिए मथुरा के जनपद न्यायालय में वाद दाखिल करने वाले आठ याचिकाकर्ताओं में एक राजेश मणि त्रिपाठी भी हैं। उनका कहना है कि वर्षों से हिंदू समाज का उत्पीड़न और उनके धार्मिक स्थलों पर कब्जा करने की घटनाएं होती रही हैं। अब हिंदू समाज जागृत हो गया है और एक-एक कर सभी धार्मिक स्थलों को मुक्त कराया जाएगा। इसी कड़ी में मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान के लिए कोर्ट में वाद दाखिल किया गया है। उनका कहना है कि 1968 में श्रीकृष्ण जन्मस्थान सोसायटी और शाही ईदगाह मस्जिद के प्रबंधतंत्र के बीच भूमि के संबंध में हुआ समझौता अवैध है। इसलिए श्रीकृष्ण जन्मभूमि से मस्जिद को हटाने और जन्मस्थान का मालिकाना हक श्रीकृष्ण विराजमान को दिए जाने के लिए कोर्ट की शरण में गए हैं। पूरी उम्मीद है कि न्यायालय का फैसला श्रीकृष्ण विराजमान के पक्ष में होगा और हम लोगों की जीत होगी।