धूप खिली तो मिली राहत, शाम को बढ़ गई गलन
सिद्धार्थनगर। जिले में बुधवार को धूप हुई तो लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत मिली। तापमान में वृद्धि के कारण कई दिनों बाद लोगों को शीत दिवस से राहत मिली। धूप खिली तो लोगों ने दोपहर छत, मैदान व पार्कों में बैठकर उसका आनंद लिया। हालांकि सुबह कोहरा छाए रहने के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी रही। शाम होते ही गलन बढ़ गई।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान लगभग एक डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़त के साथ 8.6 डिग्री हो गया। इसी दौरान दिन का अधिकतम तापमान कोहरे का प्रभाव समाप्त होने के कारण दो डिग्री से अधिक की प्रभावशाली वृद्धि के साथ 21.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इस कारण नेपाल की पहाड़ियों के करीब देश के तराई क्षेत्र में शीत दिवस का असर समाप्त हो गया। मौसम साफ होने के कारण लोग ज्यादा समय बाहर रहे। हालांकि शाम होते ही ठंड का असर बढ़ने पर लोग फिर घरों में दुबक गए। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार से मौसम साफ होगा। ठंड में कुछ कमी होगी। शुक्रवार से दो तीन दिन तक तापमान में 3-4 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।