शुल्क लेने वाले मदरसों की मान्यता खत्म होगी
अल्पसंख्यक छात्रों की छात्रवृत्ति योजना में गड़बड़ी पर शासन सख्त
बिना छात्रावास की सुविधा वाले संस्थानों के आवेदन निरस्त होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। अल्पसंख्यक छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति योजना में अधिकारिक शुल्क लेने वाले मदरसों की मान्यता खत्म होगी। इसके अलावा बिना छात्रावास की सुविधा वाले संस्थाओं के आवेदन निरस्त करने के साथ ही सत्यापित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ये बातें प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने कही।
निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण योजना की ओर से वीडियो कांफ्रेंस में दिए गए निर्देश की जानकारी देते हुए प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एजाजुल हक खान ने बताया कि छात्रवृत्ति योजनाओं में पारदर्शिता बरतने के संबंध में कई निर्देश प्राप्त हुए हैं। बिना छात्रावास की सुविधा वाले संस्थानों में छात्रावासीय आवेदनों को न केवल निरस्त किया जाएगा, बल्कि संस्थान की ओर से डाटा सत्यापित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी होगी। मदरसा मान्यता नियमावली में दी गई व्यवस्था के अनुसार मान्यता के लिए निर्गत प्रमाण-पत्रों में छात्र-छात्राओं से अधिकारिक रुप से शुल्क का उल्लेख कर आवेदन पत्र अग्रसारित करने की दिशा में संबंधित मदरसों की मान्यता खत्म करने का निर्णय लिया जाएगा। प्रदेश के बाहर अध्ययनरत दर्शाते हुए आवेदन करने वाले छात्रों की गहन संवीक्षा करने के बाद ही डाटा को सत्यापित करने का निर्देश मिला है। बताया कि छात्रवृत्ति योजनाओं में शासकीय धनराशि का दुरुपयोग परिलक्षित होने पर संबंधित के विरुद्ध दुरुपयोग की धनराशि की रिकवरी होगी।