दुकान का ताला तोड़कर आभूषण चोरी
पथरा थानाक्षेत्र के खरकट्टी चौराहे पर हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
औराताल। पथरा थानाक्षेत्र के खरकट्टी चौराहे पर स्थित एक दुकान के शटर का ताला तोड़कर चोर नकदी और आभूषण उठा ले गए। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह हुई तो उसने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। रामचंद्र सोनी की क्षेत्र के खरकट्टी चौराहे पर आभूषण की दुकान है। रोज की तरह बृहस्पतिवार देर शाम को दुकान बंद करके वह घर चला गया था। रात में चोरों ने शटर का ताला तोड़ दिया और दुकान से नकदी, आभूषण उठा ले गए। शुक्रवार सुबह शटर खुला देखकर पड़ोसी दुकानदार ने रामचंद्र को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद वह दुकान पर पहुंचा और अंदर देखा तो सामान गायब था। दुकानदार के मुताबिक चोर दुकान में रखा पांच हजार रुपये और लाखों के आभूषण उठा ले गए थे। चोरी की जानकारी उसने पुलिस को दी। एसओ पथरा रामदरस आर्य ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, जांच करके उचित कार्रवाई की जाएगी।