डुमरियागंज। गुरुवार को खुशनुमा माहौल में ईद-उल फितर त्योहार तहसील क्षेत्र के सभी गांवों में परंपरागत तरीके से मनाया गया। ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज पढ़ी गई। इस दौरान लोगों ने मुल्क में अमन-चैन की दुआएं मांगी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। जिसके बाद सभी के घरों में सेवइयां खाने-खिलाने का दौर शुरू हो गया जो देर शाम तक चलता रहा।
बुधवार शाम डुमरियागंज में लोगों ने ईद के चांद का दीदार करने के बाद गुरुवार को ईद मनाने की घोषणा की। जिसके बाद लोगों द्वारा ईद की तैयारियों को लेकर जो कोर कसर बाकी रखी गई थी उसे देर रात तक खरीददारी कर पूरी की गई। सुबह होते ही हर किसी के चेहरे पर ईद के जश्न की खुशी साफ दिखाई पड़ने लगी। समय बीतने के बाद लोग नहा धोकर सुबह करीब आठ बजे नए-नए कपड़े पहनकर निकट के ईदगाहों व मस्जिदों की ओर चल दिए।
नगर सहित क्षेत्र के माली मैनहां, शाहपुर, बैदौला चौराहा, जबजौआ, तिलगड़िया, नउवागांव, कैथवलिया, तुरकौलिया तिवारी, लटिया, बेंवा हुसैन, परसा इमाद, कंचनपुर, धनोहरी, मन्नीजोत, मछिया आदि गांवो में स्थित ईदगाहों व मस्जिदों में लोगों ने ईद की विशेष नमाज पूरे अकीदत के साथ अदा की। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम सुरेन्द्रनाथ मिश्रा, सीओ राजपाल सिंह, थानाध्यक्ष गोपालजी यादव, मय फोर्स नमाज स्थलों पर मौजूद रहे।
डुमरियागंज। ईद के त्योहार को लेकर डुमरियागंज विधानसभा के पूर्व सपा प्रत्याशी रामकुमार उर्फ चिन्कू यादव, सपा नेता दिलीप पांडेय उर्फ छोटे, अवधेश सिंह, कांग्रेसी नेता सच्चिदानंद पांडेय, बसपा नेत्री सैय्यदा खातून, जहीर मलिक, बच्चाराम बौद्ध आदि ने क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य गांव में जाकर लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। कादिराबाद में क्षेत्रीय विधायक मलिक कमाल यूसुफ ने लोगों को ईद की बधाई देते हुए कहा कि ईद खुशियों की सौगात लेकर आता है। इस दिन सभी लोग सौहार्द पूर्ण माहौल में सारे गिले-शिकवे भुलाकर एक दूसरे को मुबारकबाद देते हैं।