सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के तेनुहार उर्फ कठौतिया गांव निवासी रामतीरथ निषाद पिछले 24 घंटे से लापता हैं। घर नहीं पहुंचने से परिवार के लोगों में चिंता बढ़ गई है और परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं। मामले में उनकी पत्नी ने पुलिस को तहरीर देकर पति की तलाश कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, रामतीरथ निषाद (25) मई को महाराष्ट्र के नासिक से ट्रेन के जरिये अपने घर लौटने के लिए रवाना हुए थे। वह 26 मई की शाम करीब छह बजे लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। परिवार को उम्मीद थी कि वह देर रात तक घर पहुंच जाएंगे, लेकिन इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने बताया कि चारबाग पहुंचने के कुछ देर बाद रामतीरथ ने एक अज्ञात नंबर से पत्नी रीता देवी को फोन किया था। फोन पर उन्होंने बताया कि उनका मोबाइल फोन और पैसा चोरी हो गया है। उन्होंने यह भी कहा था कि वह किसी तरह देर रात तक घर पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और परिवार का संपर्क उनसे टूट गया।
रीता देवी के मुताबिक, जिस नंबर से कॉल आई थी उस पर दोबारा संपर्क करने पर फोन उठाने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह उस समय लखनऊ के गोमती नगर क्षेत्र के विक्रांत खंड इलाके में था। उसने बताया कि राम तीरथ ने उससे केवल एक जरूरी कॉल करने के लिए मोबाइल लिया था और उसके बाद वहां से चले गए। इसके बाद जानकारी नहीं मिल सकी।