पेट्रोल पंपों पर छापामारा, दो को कारण बताओ नोटिस
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में दो दिनों तक गठित टीम ने पेट्रोल पंपों पर जांच व छापा मारा। अनियमितता मिलने पर दो पेट्रोल पंप संचालकों को कारण बताओ नोटिस दिया गया।
पेट्रोल पंपों पर सही माप व शुद्ध डीजल पेट्रोल की हकीकत जानने के लिए जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्र की अगुवाई में गठित टीम ने बांसी तहसील क्षेत्र के पांच पेट्रोल पंपों पर छापा मारा। इस दौरान पंप पर पाइपलाइन का शेरवाल खराब, परिसर व शौचालय में साफ-सफाई न होना, बाल्टी में बालू न रखना आदि कमी मिलने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालक को नोटिस दिया गया। साथ ही हिदायत दी गई की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान एसडीएम बांसी प्रमोद कुमार, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ निरीक्षक विधिक माप विज्ञान डीपी सिंह, शिवम शुक्ला, शिवनरायन व पेट्रोल पंप प्रबंधक नाजिम अली मौजूद रहे।