‘सार्वजनिक संपत्ति पर नहीं लगा सकते प्रचार सामग्री’
डुमरियागंज। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के चुनाव पर्यवेक्षक भीष्म कुमार ने बैठक में कहा कि राजनीतिक दल, सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी तरह की प्रचार सामग्री नहीं लगा सकते हैं। राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आदर्श आचार संहिता का किसी भी प्रकार से उल्लंघन न हो।
पर्यवेक्षक भीष्म कुमार ने कहा कि चुनाव के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर कोई भी शिकायत आती है तो उस पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। सभी राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को पोस्टर और बैनर के साथ अन्य प्रकार के प्रचार आदि करने की अनुमति लेनी जरूरी है। प्रचार के दौरान कोविड के नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सभा के लिए ऑनलाइन आवेदन करवा लें। बिना अनुमति के सभा न करें, न जुलूस निकालें।
शांति पूर्वक मतदान में सहयोग करें। उन्होंने कहा किसी भी राजनीतिक दल सुनिश्चित कर लें कि मतदान के पहले तक पोलिंग एजेंट को कोरोनारोधी वैक्सीन अवश्य लगी हो। बैठक में एसडीएम, सीओ, तहसीलदार और सभी राजनैतिक दलों के प्रत्याशी और प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार राजेश सिंह, सीओ अजय श्रीवास्तव, डॉ. रत्नाकर चतुर्वेदी, शैलेंद्र कुमार, शिवकुमार, इजहरुद्दीन, सच्चिदानंद पांडेय आदि मौजूद रहे।