भारतभारी। बेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) क्षेत्र के चौरा बनगवा गांव में मंगलवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान आशा कार्यकर्ता चंद्रावती ने घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया। साथ ही मातृ बैठकों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता ने लोगों को दिमागी बुखार सहित अन्य संचारी रोगों के लक्षण और बचाव के उपाय बताए। उन्होंने घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने और मच्छरों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान करने से संक्रमण के खतरे को कम किया जा सकता है।
मातृ बैठकों में बच्चों के नियमित टीकाकरण पर विशेष जोर दिया गया। अभिभावकों को उम्र के अनुसार बच्चों को सभी जरूरी टीके लगवाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, चिकित्सकीय सलाह का पालन करने और सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल में ही प्रसव कराने की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि नियमित जांच और संस्थागत प्रसव से मां और नवजात दोनों के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल संभव है।