शोहरतगढ़। वार्ड नंबर-11 स्थित रघुनाथ नगर मोहल्ले में मां और बेटे की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से घटना की तस्वीर साफ हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, महिला की मौत फंदे पर लटकने से हुई थी, जबकि दो वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या की गई थी।
इससे स्पष्ट हुआ है कि महिला ने पहले बेटे का गला दबाया और फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी। वहीं, छह माह की बेटी को भी गला दबाकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह बच गई। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर थाना क्षेत्र के तालगांव निवासी रामनरेश कुशवाहा अपनी पत्नी काजल (25) के साथ करीब पांच वर्षों से शोहरतगढ़ के रघुनाथ नगर मोहल्ले में किराये के मकान में रहकर फुल्की बेचता था।
बुधवार देर शाम काजल ने घर में अपने दो वर्षीय बेटे टाइगर का गला दबा दिया। इसके बाद छह माह की बेटी का भी गला दबाने लगी। इससे बच्ची बेहोश हो गई। काजल ने दोनों बच्चों को मृत समझ लिया और कमरे का दरवाजा बंद कर छत की कुंडी में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना में बेटे की मौत हो गई, जबकि छह माह की बच्ची की जान बच गई। बेटे की मौत को लेकर परिजनों को संदेह था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटने से मौत की पुष्टि होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो गई है।
सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है, जबकि दो वर्षीय बेटे की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई है।न