किराये के मकान में फंदे से लटका मिला था 36 वर्षीय विकास सिंह का शव, बृहस्पतिवार को हुआ पोस्टमार्टम
शोहरतगढ़(सिद्धार्थनगर)। कस्बे के दशरथ नगर वार्ड नंबर चार में किराये के मकान में फंदे से लटके मिले पैथोलॉजी संचालक विकास सिंह (36) की मौत के मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर जांच करेगी। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
देवरिया जिले के लार निवासी विकास सिंह के पिता राजू सिंह शोहरतगढ़ ब्लॉक में कृषि विभाग में तैनात हैं। विकास शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के पास पैथोलॉजी लैब संचालित करते थे। वह कस्बे के दशरथ नगर स्थित वार्ड नंबर चार में किराये के मकान में रहते थे। उनकी पत्नी और बेटी जिला मुख्यालय स्थित निजी आवास में रहती हैं।
बताया गया कि बुधवार रात करीब आठ बजे आसपास के लोगों ने विकास को कमरे में छत की कुंडी के सहारे फंदे से लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें तत्काल शोहरतगढ़ सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विकास पिछले कई दिनों से गुमसुम रह रहे थे। हालांकि, उन्होंने किसी से अपनी परेशानी साझा नहीं की थी।
क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने बताया कि अभी तक आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जाएगी। इनसे मिलने वाली जानकारियों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी।