पोलिंग बूथों पर समस्त व्यवस्था सुनिश्चित करें: डीएम
कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव के संबंध में तैयारी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पोलिंग बूथों पर रैंप तथा व्हीलचेयर समेत अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी 2022 को होना है, इसकी संपूर्ण तैयारी कर लें। ये बातें जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट दीपक मीणा कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा चुनाव की तैयारी संबंधी बैठक में कहीं।
डीएम ने एआरटीओ को निर्देश दिए कि निर्वाचन के दौरान प्रयोग किए जाने वाले वाहनों की सूची तैयार कर लें। नियुक्त हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट से ट्रेनिंग के बारे में जानकारी प्राप्त की गई तथा जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट बूथों का निरीक्षण कर लें। मास्टर ट्रेनरों को चिह्नित कर उनकी ट्रेनिंग करा ले। उन्होंने निर्देश दिए कि ईवीएम समेत मतदान संबंधी अन्य उपकरण ढंग से चेक करा लें। जिन गांवों में मतदान का प्रतिशत कम था, वहां पर प्रचार-प्रसार कराकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने का निर्देश दिए गए। इस दौरान सीडीओ पुलकित गर्ग, एडीएम उमाशंकर, अपर उपजिलाधिकारी उत्कर्ष, जिला विकास अधिकारी शेषमणि सिंह, पीडी सुरेन्द्र कुमार गुप्ता, उपायुक्त मनरेगा संजय शर्मा, वरिष्ठ कोषाधिकारी विनोद कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षण अवधेश नारायण मौर्य, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी आदर्श, जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्र आदि उपस्थित रहे।
विकास कार्यों की प्रगति जांची
कलेक्ट्रेट सभागार विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक में डीएम दीपक मीणा ने सभी कार्यालयाध्यक्षों को बकाया विद्युत बिल जमा करने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन का सत्यापन कराकर भुगतान कराने छात्रवृत्ति का फार्म भरवाने एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को पशुओं का टीकाकरण कराकर फीडिंग कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों को निरीक्षण करने तथा निर्माणाधीन गोशाला को शीघ्र पूर्ण कराकर गोवंश रखने के निर्देश दिए। एआर कोऑपरेटिव को क्षेत्र में भ्रमण करके खाद वितरण कराने एवं सीएमओ को निर्देश दिए कि कोविड-19 की तीसरी लहर को देखते हुए सभी तैयारियां पूर्ण कर लें। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना आदि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। संवाद