होली पर शांति व्यवस्था के लिए सीओ ने निकाला मार्च
बिस्कोहर। होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को सीओ डुमरियागंज ने एसओ त्रिलोकपुर व चौकी प्रभारी बिस्कोहर के साथ मार्च किया। इस दौरान जुलूस मार्गों का जायजा लिया। सीओ ने मस्जिदों के पास पुलिस तैनात करने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत बिस्कोहर में होली के पर्व पर ढोल-नगाड़ों के साथ बाबू पोखरा व घुरहू तिराहे से जुलूस निकाला जाता है। इस जुलूस में नगर के साथ आसपास के गांवों के युवा, संभ्रांत व्यक्ति शामिल होते हैं। होली में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ अजय श्रीवास्तव, थानाध्यक्ष राम कृपाल शुक्ला व चौकी इंचार्ज राजेश कुमार शुक्ल ने होलिका दहन और जुलूस निकलने वाले मार्ग का निरीक्षण किया। बाबू पोखरा, घुरहू तिराहा, मुख्य कस्बा, चौक रोड, शाह मोहल्ला, कसेरा मोहल्ला, पश्चिम टोला और बस अड्डा तक मार्च किया। इन मार्गों पर पड़ने वाली मस्जिदों के पास पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। सीओ अजय श्रीवास्तव पुलिस ने बताया कि होली के मद्देनजर होलिका दहन के स्थानों के साथ जुलूस वाले रास्तों का निरीक्षण किया गया है। आम जनमानस से शांतिपूर्वक एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की गई है। एसओ त्रिलोकपुर और चौकी प्रभारी बिस्कोहर को जुलूस संबंधित शांति व्यवस्था के लिए दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। इस अवसर पर हेड कांस्टेबल उमेश मिश्र, विनोद यादव, मलखा साहनी, कांस्टेबल जितेंद्र यादव, जयहिंद राजभर, मनोज विश्वकर्मा, गजानंद पांडेय व पप्पू गुप्ता आदि मौजूद रहे।