सोशल मीडिया के हर पोस्ट पर साइबर सेल की नजर
- समुदाय विशेष पर टिप्पणी के मामले में शासन सतर्क
- भड़काऊ पोस्ट पर जिले में भी दर्ज हो चुका है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सोशल मीडिया पर धर्म विशेष से जुड़ी भड़काऊ पोस्ट करने और शेयर करने वालों पर पुलिस की नजर है। साइबर और सर्विलांस सेल की टीम हर पोस्ट पर नजर रख रही है। एक भी गलत पोस्ट कोई करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्मार्टफोन पर इंटरनेट का उपयोग हर कोई कर रहा है। मौजूदा समय में सोशल मीडिया खबरों का माध्यम बनता जा रहा है। एक छोटी सी सूचना देखते ही लाखों लोगों तक पहुंच जाती है। समाज को तोड़ने वाले अराजकतत्व इसका गलत उपयोग करते हैं। माहौल को बिगाड़ने में भी सोशल मीडिया का सहारा लेते हैं। मौजूदा में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हुए बवाल में सोशल मीडिया का इस्तेमाल होना पाया गया है। इसे देखते हुए जिले की साइबर टीम सर्तक हो गई है। हर पोस्ट पर नजर रखी जा रही है। इस संबंध में एएसपी सुरेशचंद्र रावत ने बताया कि सोशल मीडिया के हर पोस्ट पर नजर रखी जा रही है। गलत पोस्ट करने वालों पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
---
वालंटियर भी सक्रिय
पुलिस विभाग की ओर से बनाए गए डिजिटल वालंटियर को भी सक्रिय कर दिया गया है। सोशल मीडिया का प्रयोग करने वाले वालंटियर न सिर्फ पोस्ट को देखेंगे, बल्कि उसे डिलिट कराने के साथ ही उसका खंडन करेंगे, जिससे अन्य लोग उसे पोस्ट पर कमेंट और लाइक न कर सकें। साथ ही कोई उनके बहकावे में न आए।
---
जिले में दर्ज हो चुका है दो मुकदमा
धर्म से जुड़े सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई भी शुरू कर दी है। जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र के दो लोगों पर भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले में केस दर्ज करके उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई पुलिस ने की है।