सिद्धार्थनगर। चीनी मांझा से होने वाली घटनाओं को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में पुलिस ने रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पतंग की दुकानों की जांच की और बिक्री किए जाने की जानकारी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
जांच के क्रम में शोहरतगढ़ थाने की पुलिस ने कस्बे में जांच करने के साथ ही बाॅर्डर इलाके की दुकानों की जांच की। दुकानदारों को दिशा- निर्देश दिए। साथ ही ढेबरुआ और मोहाना थाने की पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर जांच की। दुकानदारों को प्रतिबंधित मांझा न बेचने के लिए निर्देशित किया। गोल्हौरा और बांसी कोतवाली की पुलिस ने जांच अभियान चलाया। दुकानदारों को बताया गया कि रखने और बिक्री करने पर कार्रवाई होगी। अगर कोई घटना कहीं होती है और जांच में दुकान से बिक्री और भूमिका सामने आई तो केस दर्ज किया जाएगा।
इटवा प्रतिनिधि के अनुसार, पुलिस ने रविवार को स्थानीय कस्बे में प्रतिबंधित चीनी मांझा के खिलाफ अभियान चलाया और दुकानदारों से मांझा की बिक्री न करने को कहा। एसओ इटवा रवींद्र सिंह की अगुवाई में चलाए गए इस अभियान में सभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि सभी प्रतिबंधित मांझा की बिक्री या भंडारण पर उत्तर प्रदेश शासन ने प्रतिबंध लगाया गया है। अगर किसी भी दुकान पर प्रतिबंधित मांझा पाया गया तो संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से भी अपील की गई कि वे चीनी मांझा का प्रयोग न करें और सुरक्षित मांझा का ही इस्तेमाल करें।