संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। होली की मस्ती उतरते ही कई घरों में त्वचा पर चढ़े जिद्दी रंग को हटाने की जंग शुरू हो जाती है । कोई साबुन बदल रहा है, तो कोई ब्रश से रगड़ने की गलती कर बैठता है। विशेषज्ञों की मानें तो रंग से ज्यादा खतरनाक उसे छुड़ाने का गलत तरीका हो सकता है। सही उपाय अपनाकर बिना नुकसान रंग हटाया जा सकता है।
मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अरफुल खां के अनुसार रंग छुड़ाने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। सबसे पहले सादे गुनगुने पानी से त्वचा को धो लें, ताकि ऊपरी रंग निकल जाए। इसके बाद हल्के माइल्ड साबुन या बेबी शैंपू का इस्तेमाल करें। त्वचा को जोर से रगड़ना, झांवा या हार्ड स्क्रबर लगाना नुकसानदेह हो सकता है। इससे त्वचा की ऊपरी परत छिल सकती है और जलन बढ़ सकती है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अनु अग्रवाल कहती हैं कि आंखों को बचाकर होली खेलें।
तेल है सबसे सुरक्षित उपाय : त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव सरीन के अनुसार रंग छुड़ाने का सबसे आसान और सुरक्षित तरीका है सरसों या नारियल तेल की हल्की मालिश। सूखी त्वचा पर तेल लगाकर 10-15 मिनट छोड़ दें। इससे रंग ढीला पड़ता है। इसके बाद हल्के हाथों से कॉटन या मुलायम कपड़े से पोंछ लें। चेहरे पर बेसन और दही या दूध मिलाकर लेप लगाने से भी रंग हल्का होता है।