संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिया। होली पर्व को लेकर जोगिया चौराहे में बाजारों की रौनक बढ़ गई है, दुकानों पर रंग-बिरंगे गुलाल, अबीर, पिचकारी और आकर्षक मुखौटे सजे हुए हैं। बच्चों को हनुमान की गदा रूपी पिचकारी और शेर का मुखौटा खूब भा रहा है, त्योहार के आते ही बाजार में लोगों को रेला लगा रहा।
जोगिया के में दुकानदार भोलू ने बताया कि इस साल पिचकारी कुछ अलग ही रंग रूप में मिल रही है, बच्चों को यह खूब भा रही है। हथौड़ा वाली पिचकारी 150 रुपये, मछली के आकार की पिचकारी 300 रुपये, गदा के रूप वाली पिचकारी 200 रुपये, तलवार वाली पिचकारी 150 रुपये, बैग वाली पिचकारी 400 से 700 रुपये में बिक रही है। वहीं, चाभी वाली पिचकारी 150 रुपये, छाता के आकार वाली पिचकारी 150 रुपये की बिक रही है। टोपी में राजस्थानी टोपी की इस बार खूब मांग है, यह 60 रुपये की बिक रही है। वहीं बड़ों को टोपी और अन्य चीजें पसंद आ रही हैं।
जोगिया चौराहा, नादेपार, सनई आदि जगहों पर त्योहार को लेकर बाजारों की रौनक बढ़ गई है, चौराहों की पटरियों पर ठेलों और दुकानों पर अबीर-गुलाल, रंग, पिचकारियों से बाजार पटा हुआ है। होली त्योहार में बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई थी। वहीं, लोग खरीदारी में मशगूल रहे।
खरीदारी के लिए अभिभावकों के साथ निकले बच्चे अपनी पसंद की पिचकारी और मुखौटे खरीदने के लिए जोर देते देखे गए, दुकानदारों का कहना है कि रासायनिक रंगों के प्रभाव को देखते हुए इस बार हर्बल और प्राकृतिक अबीर-गुलाल की खपत हो रही है।