बांध में रिसाव से सहमे लोग, बचाव कार्य शुरू
बांसी। राप्ती नदी के दक्षिणी छोर पर स्थित जमींदारी बांध में पिपरहिया गांव के पास रिसाव होने से आसपास गांव के लोग सहम गए हैं। हालांकि सूचना मिलने के बाद सिंचाई विभाग ने बचाव कार्य शुरू कर दिया।
जमींदारी बांध में रिसाव होने से गरगजवा, पिपरहिया, कटहा सहित नगर क्षेत्र के इंद्रा नगर, पटेलनगर व प्रतापनगर वार्ड पर खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्र निवासीराम नेवास ऊर्फ सुग्गन, बलराम, राजेंद्र, सागर, गोविंद, महंगीलाल, कुंजू, सेवक, गुराई, भिखी, मुनीराम निषाद, आकाश निषाद ,विक्की निषाद सहित इंद्रा नगर वार्ड के सभासद नीलेश निषाद का कहना है कि बरसात शुरू होने से पहले बांध के मरम्मत की मांग की गई थी, पर अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया।
इन लोगों ने आरोप लगाया कि बुधवार की सुबह से ही बांध में रिसाव होना शुरू हो गया था, जिसकी सूचना विभाग को दी गई थी। विभागीय अभियंताओं की लापरवाही देखने के बाद लोगों ने बांध में हो रहे रिसाव की सूचना एसडीएम जग प्रवेश को दी। उसके बाद बचाव का प्रयास शुरू किया गया।