भनवापुर ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन, पिछले वर्ष के टीकाकरण का भुगतान शीघ्र कराने की उठाई मांग
भवानीगंज। भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र में कार्यरत पैरावेट कर्मियों ने बुधवार को बकाया पारिश्रमिक के भुगतान की मांग को लेकर पशुओं के टीकाकरण कार्य का बहिष्कार कर ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने पिछले वर्ष कराए गए टीकाकरण का भुगतान शीघ्र किए जाने की मांग उठाई।
ऑल पैरावेट पशु मित्र एवं मैत्री सेवा समिति के जिलाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में पैरावेट कर्मियों ने कहा कि पिछले वर्ष किए गए पशु टीकाकरण कार्य का पारिश्रमिक अब तक नहीं मिला है। कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष मांग उठाने के बावजूद भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बकाया भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने शासन और विभागीय अधिकारियों से शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में तुषार पांडेय, सतीश कुमार, राम नरेश, राम प्रताप चौधरी, शिवनाथ चौधरी सहित अन्य पैरावेट कर्मी मौजूद रहे।