-भनवापुर के बामदेई, गोपिया के पास बांध के कटान की सूचना पर पहुंचे एसडीएम ने सिंचाई विभाग को दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। राप्ती नदी एक बार फिर से उफान पर है। राप्ती के बढ़ते जलस्तर को देख लोगों में दहशत का महौल है। बामदेई व गोपिया गांव के पास शाहपुर भोजपुर बांध के कटान की सूचना पर पंहुचे एसडीएम डुमरियागंज ने सिंचाई विभाग के एक्सईएन को बांध की निगरानी के साथ ही कटान रोकने के उपाय करने का निर्देश दिया है।
दो दिन पहले हुई बारिश के बाद राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। राप्ती के बढ़ते जलस्तर को देख किसानों को अपने धान के फसल को लेकर चिंता सताने लगी है। वहीं, नदी के किनारे पर स्थित गांवों के लोग एक बार फिर बाढ़ की आहट से भयभीत हैं। बामदेई व गोपिया गांव के पास बने शाहपुर भोजपुर बांध के कटान की सूचना मिलने पर एसडीएम डुमरियागंज डॉ. संजीव दीक्षित ने बांध का निरीक्षण किया। मौके पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन सतीश कुमार, सहायक अभियंता अशोक भारती, सब इंस्पेक्टर त्रिलोकपुर एसएन सिंह व राजस्व टीम को बांध का कटान रोकने के लिए आवश्यक उपाय करने का निर्देश देते हुए मॉनिटरिंग करने के लिए रात्रि में भी टीम को रूकने का निर्देश दिया। इस दौरान तिलकधारी सिंह, जगदीश, अरूण, सत्य प्रकाश व अन्य लोग मौजूद रहे।