सिद्धार्थनगर में अखिलेश पर बोला हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर(सिद्धार्थनगर)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि भाजपा के बढ़ते जनाधार से सबसे ज्यादा चिंतित विपक्ष के लोग हैं। जो देश बेचना चाहते हैं, लेकिन भाजपा ऐसा नहीं होने देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सभी लोगों को अपने परिवार का सदस्य मानते हैं, जबकि परिवारवादी राजनीति करने वाले कहते हैं कि वह नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री नहीं बनने देंगे।
डुमरियागंज क्षेत्र के ललिता इंटर कॉलेज में बुधवार को भाजपा प्रत्याशी जगदंबिका पाल के पक्ष में आयोजित जनसभा में डिप्टी सीएम ने कहा कि 2017 के चुनाव में जब वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे, तभी सपा की सरकार चली गई। सपा शासन काल में गुंडों की भरमार थी, अगर सपा का झंडा लगाकर कोई कार में चलता था, तो ऐसा लगता था कि उस गाड़ी में कोई गुंडा ही बैठा है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में अखिलेश यादव अयोध्या नहीं पहुंचे लेकिन माफिया मुख्तार अंसारी की कब्र पर फातिहा पढ़ने पहुंच गए। भारत आज दुनिया में कहीं कमजोर नहीं है, जो सरकार 60 साल में काम नहीं कर पाई, वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 साल में कर दिए।