अब नौ से होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु एवं विश्वविद्यालय से संबद्ध छह जिलों के महाविद्यालयों में सेमेस्टर परीक्षाएं अब नौ जुलाई से होंगी। इसके पहले दो जुलाई से ही परीक्षा प्रस्तावित थी।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय परिसर एवं इससे संबद्ध सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, महराजगंज, बस्ती, बलरामपुर एवं श्रावस्ती जिले के 284 महाविद्यालयों के विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परास्नातक स्तर पर द्वितीय एवं चतुर्थ एवं स्नातक स्तर पर द्वितीय, चतुर्थ व षष्टम सेमेस्टर के विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
कोराना संक्रमण काल में शिक्षण सत्र पिछड़ जाने के कारण परीक्षाएं देर से हो रही हैं। हालांकि, विश्वविद्यालय ने शिक्षण सत्र को समय से शुरू करने के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कीं और परीक्षा परिणाम जारी करने में सक्रियता से कार्य किया। विश्वविद्यालय के सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश प्रताप सिंह ने बताया कि सेमेस्टर परीक्षाएं नौ जुलाई से शुरू होंगी।