डीएम पवन अग्रवाल ने किया कलक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने एडीएम उमाशंकर के साथ कलक्ट्रेट भवन में स्थित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रोबेशन कार्यालय में उपस्थित महिलाओं ने पेंशन न मिलने की शिकायत की। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
डीएम पवन अग्रवाल ने राजस्व अभिलेखागार, अभियोजन, प्रोबेशन कार्यालय, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, जूडिसियल अभिलेखागार, कोषागार कार्यालय, आपदा केंद्र तथा कलक्ट्रेट में बने गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व अभिलेखागार एवं जूडिसियल अभिलेखागार में रखी बस्ता फाइलों को सूचीबद्ध करते हुए रखने के निर्देश दिए गए।
प्रोबेशन कार्यालय में उपस्थित महिलाओं ने बताया कि उन्हें 14 माह से पेंशन नहीं मिली है। इस पर डीएम के पूछने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने जानकारी दी कि आधार प्रमाणीकरण के बाद पेंशन की धनराशि संबंधित के बैंक खाते में भेजी जाएगी। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट पर लगे क्लॉक टाॅवर को ठीक कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर उपजिलाधिकारी कुणाल, प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र श्रीवास्तव, नाजिर सदर कलक्ट्रेट गिरीश मिश्रा, नाजिर कैश रमाकांत पाठक उपस्थित रहे।