सीएमओ के निरीक्षण में चिकित्सक सहित नौ स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले
- बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
बांसी (सिद्धार्थनगर)। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार चौधरी ने मंगलवार को बांसी ब्लॉक के बसंतपुर सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक डॉक्टर सहित कुल नौ स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने कहा कि अनुपस्थित कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ डॉ. अनिल कुमार चौधरी बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए। इस दौरान आरबीएसके डॉ. अपर्णा उपाध्याय व फार्मासिस्ट अरुण कसौधन बिना किसी सूचना के एक फरवरी से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित मिले। इसके अलावा वार्ड ब्वॉय विनोद कुमार पांडेय, डीआरए अनूप चौधरी, एक्सरे टेक्नीशियन मनोज कुमार मिश्र, डेंटल हायसोनिस्ट धीरेंद्र कुमार, एक्सरे टेक्नीशियन जितेंद्र कुमार त्रिपाठी, एलटी दिलीप कुमार, एक्सरे टेक्नीशियन शाह आलम अनुपस्थित मिले। सीएमओ ने लेबर रूम, जेएसवाई वार्ड, पीएनसी वार्ड का निरीक्षण किया। यहां गंदगी मिली। इस पर नाराजगी जाहिर की और सफाई सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार चौधरी ने कहा कि अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।