पति सहित तीन पर हत्या का केस दर्ज, नाले में मिला था महिला का शव
सिद्धार्थनगर। चिल्हिया थाना क्षेत्र के अलीदापुर गांव के टोला उंचडीह निवासी महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित पति समेत तीन लोगों पर हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं लापता डेढ़ वर्षीय बेटे का 30 घंटे बाद भी पता नहीं चला है। एनडीआरएफ की टीम नाले में उसकी तलाश में जुटी हुई है।
क्षेत्र के ग्राम अलीदापुर टोला उचडीह गांव निवासी दीपक साहनी दिल्ली के जहागिरा में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी के दौरान प्रीति (23) से शादी की थी। प्रीति का बेटा डेढ़ वर्ष का हो गया। दीपक गांव चला आया था। उसके बाद प्रीति भी आ गई थी। दोनों में कई बार विवाद हुआ था। उसके बाद रविवार को गांव के बगल से गुजरने वाले नाले में प्रीति का उतराया हुआ शव मिला था। डेढ़ वर्ष का बालक लापता है। पुलिस एनडीआरएफ की टीम की मदद से उसकी तलाश में जुटी हुई, लेकिन 30 घंटे बाद भी कोई पता नहीं चला।
वहीं गांव के ही एक व्यक्ति की तहरीर पर चिल्हिया पुलिस ने आरोपित पति दीपक, सास और एक अन्य महिला पर हत्या, दहेज हत्या सहित अन्य मामले में मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है। एएसपी सुरेश चंद रावत ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम बच्चे के खोज में जुटी है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पति समेत तीन पर केस दर्ज करके पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी में लगी हुई है।